कीव क्षेत्र में आवासीय इमारत पर हमले में 11 लोगों की मौत : यूक्रेन

Follow Us

कीव। यूक्रेन के कीव क्षेत्र में एक आवासीय इमारत पर हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि रूस के कई क्षेत्रों में रातभर ड्रोन हमलों की रिपोर्टें सामने आई हैं। इनमें तेल संबंधी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की घटनाएं भी शामिल हैं। यूक्रेन और रूस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा ने बताया कि रात भर चलाए गए तलाशी एवं बचाव अभियान के दौरान बचावकर्मियों ने ध्वस्त इमारत के मलबे से 11 लोगों के शव बरामद किए। एजेंसी ने कहा, “बचावकर्मियों ने पूरी रात तलाशी अभियान जारी रखा। अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हवाई हमले के अलर्ट के दौरान अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।”

रूस में रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने कहा कि कामेंस्क-शाख्तिंस्की शहर और क्षेत्र के आठ जिलों के ऊपर 80 से अधिक ड्रोन को रोका गया या निष्क्रिय किया गया। उन्होंने बताया कि ड्रोन का मलबा गिरने से क्रास्नोसुलिंस्की जिले में आग लग गई और आपातकालीन सेवाएं मौके पर काम कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कोई और जानकारी नहीं दी।

होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जहाजों पर हमले अक्टूबर में युद्ध शुरू होने के बाद सबसे अधिक : ब्रिटिश निगरानी एजेंसी

नोवोशाख्तिंस्क के निवासियों ने रातभर विस्फोटों और भीषण आग लगने की सूचना दी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दक्षिणी रूस की एक प्रमुख तेल रिफाइनरी नोवोशाख्तिंस्क ऑयल प्रोडक्ट्स संयंत्र को निशाना बनाकर हमला किया गया। क्षेत्रीय प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के प्रेस कार्यालय ने बताया कि सुबह तातारस्तान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भी ड्रोन हमले हुए। क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार, अल्मेत्येवस्क के पास तेल भंडारण की कई सुविधाएं क्षतिग्रस्त हुईं, लेकिन किसी के हताहत होने की रिपोर्ट नहीं है। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने रातभर ड्रोन से ऊर्जा, रसद और बंदरगाह संबंधी बुनियादी ढांचे के साथ-साथ यूक्रेन के सशस्त्र बलों के हित में इस्तेमाल किए जा रहे जहाजों को निशाना बनाकर हमले किए।

मेक्सिको में एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल ड्रग तस्कर गिरफ्तार

मंत्रालय के अनुसार, निशाना बनाए गए ठिकानों में निप्रो स्थित 330 किलोवोल्ट का सबस्टेशन शामिल था, जो यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक उद्यमों को बिजली आपूर्ति करता था। इसके अलावा ओडेसा क्षेत्र के इजमेल में बंदरगाह सुविधाओं को भी निशाना बनाया गया, जिनका कथित तौर पर सैन्य उपकरणों की आपूर्ति के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। मंत्रालय ने ओडेसा के दक्षिण-पश्चिम में एक सूखे मालवाहक जहाज पर हमले की भी जानकारी दी, जिसके बारे में उसका दावा है कि वह सैन्य सामग्री ले जा रहा था। मंत्रालय ने यह भी बताया कि निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र में निप्रोद्ज़ेरज़िन्स्क रेलवे स्टेशन के पास दो रेलवे इंजनों पर हमले किए गए। उसके अनुसार, इनका इस्तेमाल यूक्रेनी सेना के लिए हथियारों और सैन्य उपकरणों के परिवहन में किया जा रहा था। जारी संघर्ष के कारण इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना चुनौतीपूर्ण है।