मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के सुरक्षा बलों ने एक बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के सरगना मेसा फ्लोरेस को गिरफ्तार किया है। वह अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित था। मेक्सिको के स्थानीय मीडिया के अनुसार, फाउस्तो इसिद्रो मेसा फ्लोरेस उर्फ ‘एल चापो इसिद्रो’ को शुक्रवार को सिनालोआ राज्य के गुआसावे इलाके में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान हिरासत में लिया गया।
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभियान मेक्सिको और अमेरिका की खुफिया एजेंसियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय के बाद चलाया गया। अभियान में मेक्सिको की सेना और नेशनल गार्ड के विशेष बलों ने नेटवर्क के दो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। इनमें एक को संगठन का उप प्रमुख और दूसरे को उसका वित्तीय प्रबंधक बताया गया है।
डी विलियर्स का दावा: ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में बॉल टेंपरिंग की शुरुआत डरबन से ही कर दी थी
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और हथियारबंद लोगों के बीच मुठभेड़ होने की भी रिपोर्टें है। कुछ इलाकों में वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और सड़कों को अवरुद्ध किया गया। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को हथियारबंद प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद कई इलाकों में सड़कों को फिर से खोलने और सुरक्षा बहाल करने के उपाय किए गए।
एफबीआई के अनुसार, मेसा फ्लोरेस पर ‘मेसा फ्लोरेस संगठन’ नामक एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह का नेतृत्व करने का आरोप है। यह संगठन कथित तौर पर अमेरिका में कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन, फेंटानिल और मारिजुआना की तस्करी में शामिल है। अमेरिकी विधि विभाग के अधिकारियों ने 2012 और 2019 में उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी और आग्नेयास्त्रों से जुड़े अपराधों के आरोप लगाए थे। उसे फरवरी 2025 में एफबीआई की 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल किया गया था।
शीर्ष वरीय अभय सिंह ने तीसरा जबकि क्वालीफायर आकांक्षा ने जीता अपना पहला खिताब
