तमिलनाडु , केरल में भारी बारिश की संभावना

Follow Us

नई दिल्ली। मौसम विभाग (आईएमडी) ने 27 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जबकि केरल में 24 से 26 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग के ताजा मौसम बुलेटिन के मुताबिक सोमवार को उत्तर, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की भी उम्मीद है। विभाग ने कहा है कि 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है तथा बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है। त्रिपुरा के लिए चेतावनी 24 नवंबर तक लागू रहेगी।

बुलेटिन के अनुसार दक्षिण भारत में 24 से 26 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत ज़्यादा बारिश होने की उम्मीद है। इन इलाकों में 23 से 27 नवंबर के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है, साथ ही आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40-50 किलो प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, यह रफ्तार 60 किलो प्रतिघंटा तक पहुंच की संभावना है। बुलेटिन के अनुसार केरल और माहे में 24 से 26 नवंबर के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, और यह गति 50 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

सेरांग में मिठाई के कारखाने में लगी भीषण आग, अब तक 24 शव बरामद

तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में 23 से 28 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में 23 से 26 नवंबर के बीच गरज के साथ बारिश, बिजली कड़कना और 40-50 किमी प्रतिघंटा की तेज़ हवाएं चलने के आसार हैं, जो बढ़कर 60 किमी प्रतिघंटा तक हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज़ हवाएं भी चलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 23 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप में काफ़ी ज़्यादा बारिश का अनुमान लगाया है, जिसके बाद 24 से 28 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। आज भी गरज के साथ बारिश, बिजली कड़कना और 30-40 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज़ हवाएं चलने के आसार हैं, यह गति बढ़कर 50 किमी प्रतिघंटा तक हो सकती है।

उत्तर-पूर्वी भारत में 23 और 24 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बारिश होने की उम्मीद है। इस बीच, विभाग ने 23 से 29 नवंबर तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में सूखे मौसम का अनुमान व्यक्त किया है। सात दिन के अनुमान के दौरान पश्चिमी और मध्य भारत में कोई खास मौसमी गतिविधि होने के आसार नहीं है। विभाग ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे से प्रभावित इलाकों में हवाईअड्डा, राजमार्ग और रेल मार्ग पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे परिवहन में रुकावट आ सकती है और सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने वाहन चलाने वालों को फॉग लाइट इस्तेमाल करने की सलाह दी और यात्रियों से अपनी यात्रा शुरू करने से पहले एयरलाइंस, रेलवे अधिकारियों और राज्य परिवहन सेवाओं से पता करने का आग्रह किया।

भारत नहीं हासिल कर सका 10 विकेट, पहला टेस्ट ड्रा

आईएमडी ने यह भी चेतावनी दी है कि घने कोहरे में लंबे समय तक रहने से सांस की समस्याएं बढ़ सकती हैं, खासकर अस्थमा और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोगों में। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बेवजह बाहर न निकलें और बाहर निकलते समय अपना चेहरा ढक लें। विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के जलगांव में 22 नवंबर को भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उसी दिन तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।