गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह स्थित सम्मेद शिखरजी, मधुबन में देर रात जैन तीर्थयात्रियों से भरी एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि करीब 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि, जैन तीर्थयात्रियों से भरी बस सम्मेद शिखर मधुबन से टाटानगर रेलवे स्टेशन जा रही थी। इसी दौरान सीआरपीएफ कैंप के समीप बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद बस पलट गई।
मोदी-शाह की जोड़ी का पर्दे के पीछे का खेल जानना चाहता है देश : जयराम रमेश
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान और मधुबन थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में मृत पति-पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना में घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
