रायपुर। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2027 के दूसरे सत्र और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की संभावित तारीखों में टकराव की आशंका जताई जा रही है। दोनों परीक्षाओं का कार्यक्रम एक ही अवधि में होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है। इसे देखते हुए छात्रों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) से परीक्षा तिथियों में समन्वय करने की मांग की है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, JEE Main 2027 के दूसरे सत्र की परीक्षा 2 से 7 अप्रैल के बीच होने की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक निर्धारित बताई जा रही हैं। ऐसे में अप्रैल के पहले सप्ताह में दोनों परीक्षाओं की तारीखें एक-दूसरे से टकरा सकती हैं। जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को JEE Main की परीक्षा के साथ कुछ विषयों की बोर्ड परीक्षा भी हो सकती है। इसके अलावा 5 अप्रैल को भौतिकी, 6 अप्रैल को कुछ व्यावसायिक विषयों और 7 अप्रैल को क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि परीक्षा की तारीखें एक ही दिन पड़ने के अलावा लगातार परीक्षाओं के कारण भी तैयारी प्रभावित हो सकती है। उन्हें मॉक टेस्ट, रिवीजन और विषयों की दोबारा तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा। इससे पढ़ाई का दबाव बढ़ने के साथ मानसिक तनाव की स्थिति भी बन सकती है।
छात्रों ने NTA और CGBSE से मांग की है कि दोनों परीक्षाओं की समय-सारणी में जरूरी बदलाव किया जाए, ताकि किसी विद्यार्थी को तारीखों के टकराव के कारण एक परीक्षा छोड़ने की नौबत न आए। साथ ही दोनों परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतराल रखने की अपील की गई है। अब विद्यार्थियों को संबंधित संस्थाओं के फैसले का इंतजार है।
