कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कुछ ही घंटों के अंतराल में एक परिवार की दो बेटियों की मौत हो गई। सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित डेढ़ महीने की मासूम बच्ची ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मौत की जानकारी मिलने से आहत 10 वर्षीय बड़ी बहन ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाटिकरा गांव की है। गांव निवासी सुखराम (35) की दो बेटियां थीं, जिनमें बड़ी बेटी रूपकुंवर (10) और छोटी बेटी रानी महज डेढ़ महीने की थी।
बताया गया है कि रानी पिछले कुछ दिनों से सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित थी। स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए तीन दिन पहले उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा था, लेकिन गुरुवार रात इलाज के दौरान रानी की मौत हो गई।
रेलवे के जमशेद आलम ने टी20 पदार्पण पर चार गेंदों में चार विकेट चटके, रचा इतिहास
मासूम बच्ची की मौत के बाद माता-पिता ने गांव में मौजूद अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। इसी दौरान बड़ी बेटी रूपकुंवर को भी छोटी बहन के निधन की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था। छोटी बहन की असामयिक मौत की खबर से रूपकुंवर बेहद व्यथित हो गई। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक आघात के बीच रूपकुंवर ने घर पर आत्महत्या कर ली। हालांकि, आत्महत्या की परिस्थितियों और इसके पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
