दिल्ली के नासिरपुर गांव में कार्डबोर्ड फैक्टरी में भीषण आग, दमकल की 9 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका जिले के नासिरपुर गांव में रविवार सुबह कार्डबोर्ड बनाने वाली फैक्टरी और उसके स्टोरेज में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नौ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना रविवार सुबह 9:55 बजे मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां नासिरपुर गांव स्थित खसरा नंबर 440 की फैक्टरी पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल नौ दमकल गाड़ियों की मदद ली गई। दमकल कर्मियों की कोशिशों के बाद सुबह 11:50 बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

इसके बाद दोपहर 12:35 बजे दमकल विभाग की ओर से ऑपरेशन बंद करने का संदेश जारी किया गया। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने के बाद भी किसी तरह की दोबारा लपटें उठने की आशंका को देखते हुए मौके पर कूलिंग का काम जारी रखा गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहा है।