सिक्किम की वादियों पर फिदा हुए विजय वर्मा, खूबसूरती देख दोबारा आने का किया वादा

Follow Us

गंगटोक। बॉलीवुड अभिनेता विजय वर्मा इन दिनों सिक्किम की खूबसूरत वादियों को लेकर चर्चा में हैं। अपनी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में गंगटोक पहुंचे अभिनेता यहां की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के मुरीद हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा की कई तस्वीरें साझा करते हुए सिक्किम की तारीफ की और दोबारा यहां आने का वादा भी किया। विजय वर्मा 15 से 20 नवंबर तक मैडॉक फिल्म्स की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘मिशन मिर्ची’ की शूटिंग के लिए सिक्किम में थे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता जयदीप अहलावत भी नजर आएंगे।

शूटिंग के दौरान काम से कुछ घंटे का समय मिलने पर विजय वर्मा ने गंगटोक की खूबसूरती को करीब से देखा। उन्होंने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “सिक्किम, तुम कितनी खूबसूरत हो!” अभिनेता ने यह भी बताया कि उन्होंने खुद से वादा किया है कि वह यहां दोबारा जरूर आएंगे, लेकिन अगली बार काम के लिए नहीं, बल्कि छुट्टियां बिताने के लिए आएंगे। उनकी इस पोस्ट के बाद सिक्किम की खूबसूरती एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

पूर्वी हिमालय में स्थित गंगटोक अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। यहां से दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची चोटी माउंट कंचनजंगा का शानदार नजारा देखने को मिलता है। शहर के रूमटेक और एंचे मठ बौद्ध संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश करते हैं। वहीं, एमजी मार्ग पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां पैदल घूमने के साथ स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने और खरीदारी का आनंद उठाया जा सकता है। सिक्किम की साफ-सफाई और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी पर्यटकों को आकर्षित करती है।

गंगटोक घूमने पहुंचने वाले पर्यटक त्सोमगो झील और नाथुला दर्रे की खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा गंगटोक रोपवे से पूरे शहर का नजारा देखने का मौका मिलता है, जबकि हनुमान टोक से हिमालय की पहाड़ियों का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। रूमटेक और एंचे मठों में आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया जा सकता है। यहां के कैफे में मोमोज और थुक्पा जैसे स्थानीय व्यंजन भी पर्यटकों के आकर्षण का हिस्सा हैं। प्राकृतिक नजारों, संस्कृति और शांत माहौल का यह मेल ही सिक्किम को खास पर्यटन स्थल बनाता है।