- भाजपा प्रदेश संगठन की दो दिवसीय बैठक संपन्न,
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री व छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकों का सघन दौर चला। दूसरे दिन की बैठकों को संबोधित करते हुए ईरानी ने कहा कि यह दो दिवसीय चिंतन आत्ममंथन, प्राथमिकताओं को पुनः रेखांकित करने और उस संकल्प को दोहराने का अवसर है, जिसने जनसंघ से लेकर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक हर कदम को दिशा दी है।
राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कर्मयोगी है, उसके कर्मयोग से ही संगठन मजबूत होता है। यह राष्ट्र प्रथम के विचार और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ पसीने से सिंचित वैचारिक आंदोलन है। हमारी रीति-नीति एकात्म मानववाद और अंत्योदय की भावना से बंधी है, जहां अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही सफलता का पैमाना है। हमें सबसे अलग और अडिग बनाने वाला तत्व अनुशासन है। पद बदलते रहेंगे, दायित्व आते-जाते रहेंगे, लेकिन कार्यकर्ता स्थायी होता है।
उन्होंने कहा, सार्वजनिक जीवन में जब हम खड़े होते हैं तो लोग केवल व्यक्ति को नहीं, भाजपा की मजबूत विचारधारा को देखते हैं। सादगी हमारे सार्वजनिक जीवन का स्थायी आभूषण होनी चाहिए। आज तकनीक का युग है, सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन वह कभी जमीनी स्पर्श का विकल्प नहीं हो सकता। हमें गांव-गांव, पारा-टोला और बस्तर से लेकर सरगुजा तक जन-जन से सघन संपर्क साधना होगा। आमजन के सुख-दुख में उनकी चौखट पर खड़ा होना, उनकी बात सुनना और समाधान तक पहुंचाना ही कार्यकर्ता का सच्चा धर्म है। जब कार्यकर्ता बिना औपचारिकता और सादगी के साथ जनता के बीच बैठता है, तब संगठन परिवार बन जाता है।
ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की देवतुल्य जनता ने हम पर गहरा विश्वास जताया है। यह विश्वास बड़ी जिम्मेदारी लेकर आया है। आगामी समय में इस भरोसे को बनाए रखते हुए संगठन के विस्तार को प्रत्येक बूथ तक ले जाकर अभेद्य बनाना है। छत्तीसगढ़ जितना सुंदर है उतने ही सुंदर व सुशील यहां के कार्यकर्ता हैं। हम सबके पराक्रम व परिश्रम से फिर से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाएंगे।
दिनभर चला बैठकों का दौर –
दूसरे दिन के पहले सत्र में मौजूदा विधायकों की बैठक हुई, जिसमें जमीनी स्तर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, जनता से सीधा संवाद और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया गया। द्वितीय सत्र में लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों के साथ समीक्षा बैठक में केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
तृतीय सत्र में प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ बैठक में सरकार की योजनाओं को अधिक जनमानस तक पहुंचाने की अपील की गई। अंतिम सत्र में कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों व भावी रणनीतियों पर गहन मंथन कर रूपरेखा तय की गई।
बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित मंत्री, सांसद, विधायक व कोर ग्रुप सदस्य मौजूद रहे।
