भारत और कनाडा के बीच हर साल होगी प्रवासन और आवागमन पर बातचीत

Follow Us

नई दिल्ली। भारत और कनाडा ने प्रवासन और आवागमन से जुड़े मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए वार्षिक संवाद शुरू करने पर सहमति जताई है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच इस संवाद की पहली बैठक सोमवार को यहां हुई। इसमें छात्रों, कुशल कामगारों, पेशेवरों और कारोबारी यात्रियों की आवाजाही के साथ प्रवासन प्रबंधन में सहयोग पर चर्चा हुई।

बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में कांसुलर, पासपोर्ट और वीजा तथा प्रवासी भारतीय मामलों की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन और कनाडा के आव्रजन, शरणार्थी एवं नागरिकता विभाग के उपमंत्री टेड गैलिवन ने की। दोनों देशों के संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों के अधिकारी भी इसमें शामिल हुए। दोनों पक्षों ने संवाद के लिए संदर्भ शर्तों पर हस्ताक्षर किए।

उन्होंने माना कि भारत के युवा और कुशल कामगारों तथा कनाडा की जनसांख्यिकीय और श्रम बाजार संबंधी जरूरतों के बीच स्वाभाविक तालमेल है। ऐसे में लोगों की आवाजाही का बेहतर प्रबंधन समय की जरूरत है। इस संवाद को सहयोग देने के लिए प्रवासन और आवागमन पर एक संयुक्त कार्य समूह भी बनाया जाएगा। दोनों देशों ने अगली बैठक कनाडा में आपसी सहमति से तय तारीख पर आयोजित करने पर सहमति जताई।