रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने राजधानी रायपुर के आजाद चौक में प्रदर्शन किया और खड़गे का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
पटना में कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि यह विवाद बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने मंच पर मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को टोकते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इसके जवाब में खड़गे द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मामले को लेकर छत्तीसगढ़ भाजपा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी ने अपनी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जितनी अधिक गालियां दी जाएंगी, कमल का फूल उतना ही बड़ा होकर खिलेगा।वहीं, सांसद संतोष पांडे ने भी कथित टिप्पणी पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल को गलत बताते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कुएं में भांग है, सब कांग्रेसी नशे में हैं।”इस घटना के बाद प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। भाजयुमो के प्रदर्शन के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के कथित बयान के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
