महाराष्ट्र के वन विभाग के अध्ययन दल ने बोड़ला के शहद प्रसंस्करण केंद्र का किया दौरा

Follow Us

कवर्धा। महाराष्ट्र वन विभाग के नागपुर वनमंडल के आठ सदस्यीय अध्ययन दल ने 24 अक्टूबर 2026 को जिला यूनियन कवर्धा द्वारा संचालित बोड़ला स्थित शहद प्रसंस्करण केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान दल ने शहद संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग और विपणन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला यूनियन कवर्धा के उप प्रबंध संचालक दीपक पटेल ने अध्ययन दल का स्वागत किया। केंद्र के मैनेजर कुलदीप पटेल ने सदस्यों को शहद के संग्रहण से लेकर प्रसंस्करण, भंडारण, पैकेजिंग और बाजार तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य लघु वनोपज के माध्यम से आजीविका बढ़ाने, उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने और सामुदायिक उद्यमों के विकास के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं को समझना था। अध्ययन दल ने शहद के प्रसंस्करण और विपणन व्यवस्था में विशेष रुचि दिखाई। साथ ही स्थानीय वनोपज संग्राहकों के लिए रोजगार सृजन और आय बढ़ाने की संभावनाओं पर भी जानकारी प्राप्त की।

दल के सदस्यों ने केंद्र की कार्यप्रणाली को उपयोगी बताया। ऐसे अध्ययन दौरों से अलग-अलग राज्यों के वन विभागों के बीच अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान होता है। इससे लघु वनोपज आधारित आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय समुदायों के आर्थिक विकास के अवसर भी बढ़ सकते हैं। इस अवसर पर नागपुर वनमंडल के उप वनमंडलाधिकारी गोविंदा लुचे, अध्ययन दल के सदस्य, जिला यूनियन कवर्धा के अधिकारी-कर्मचारी और समूह के सदस्य उपस्थित रहे।