फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने पर भी मिलेगा राशन, नॉमिनी और OTP से लेने की सुविधा

Follow Us

रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होने पर भी पात्र हितग्राहियों को राशन से वंचित नहीं होना पड़ेगा। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण में परेशानी आने पर राशन प्राप्त करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। बुजुर्गों और फिंगरप्रिंट मिलान में कठिनाई का सामना करने वाले हितग्राही नियमानुसार नॉमिनी यानी नामांकित व्यक्ति या OTP आधारित प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन प्राप्त कर सकते हैं।

रायपुर जिले के खाद्य नियंत्रक ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का फिंगरप्रिंट मशीन में मैच नहीं होता है, तो नियमानुसार अन्य माध्यमों से राशन लेने की सुविधा मिल सकती है।

खाद्य नियंत्रक के अनुसार, केवल फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होने के आधार पर यह मान लेना सही नहीं है कि संबंधित हितग्राही को राशन नहीं मिलेगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था की जानकारी लें, ताकि अधूरी या भ्रामक जानकारी के कारण किसी के बीच भ्रम की स्थिति न बने।