CG Breaking: भाटापारा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, कई घायल

Follow Us

भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब होने के कारण खड़े ट्रक से अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस में कुल 22 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे पर ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही बस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों की स्थिति और मृतकों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।