कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पंडरिया थाना क्षेत्र के किशनगढ़ गांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत खुदाई के दौरान एक मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। जमीन के भीतर से नर कंकाल के साथ एक सड़ा-गला थैला और चप्पल भी बरामद हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
किशनगढ़ गांव में मजदूर बड़े पैमाने पर जमीन की खुदाई का कार्य कर रहे थे। काम के दौरान जैसे ही एक मजदूर ने फावड़ा चलाया, वैसे ही जमीन के नीचे से इन्सान की हड्डियां बाहर आ गईं। अचानक मानव अवशेष देखकर वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों को दी।
छत्तीसगढ़ बीजेपी में स्मृति ईरानी की सख्ती, कार्यकर्ताओं को दिया निर्देश
पुलिस की जांच और कार्रवाई:
सूचना मिलते ही पंडरिया थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल वाले पूरे इलाके को सील कर दिया और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने नर कंकाल को फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाल ही में इलाके से कोई व्यक्ति गायब तो नहीं हुआ था।
पहचान और रिपोर्ट का इंतजार:
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कंकाल किसी पुरुष का है या महिला का। कंकाल कितना पुराना है, इसकी सटीक जानकारी भी अभी नहीं मिल पाई है। पुलिस कंकाल के पास से मिली वस्तुओं और थैले के आधार पर व्यक्ति की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समयावधि का खुलासा हो सकेगा।
रायपुर से दिल्ली तक गूंजेगी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ की आवाज, कांग्रेस नेताओं ने बनाई रणनीति
