अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत , भरतपुर में सारस चौराहे पर फिर हादसा

Follow Us

भरतपुर । शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में सारस चौराहे के पास सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह अपने गांव से साइकिल पर मजदूरी के लिए निकले एक मजदूर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरसो गांव निवासी श्यामवीर के रूप में हुई है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ट्रैफिक लाइट के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, श्यामवीर सुबह अपने घर से मजदूरी के लिए निकला था। जब वह सारस चौराहे के पास कट पर बनी ट्रैफिक लाइट के नजदीक पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्यामवीर की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ लोगों ने वाहन के ट्रक होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना की सूचना मिलने पर मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने में जुटी हुई है।

कट में बदलाव के बाद भी नहीं थम रहे हादसे
सारस चौराहे के पास पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में कई बदलाव किए। एक बार कट को बंद किया गया था और घने के पास ट्रैफिक लाइट के नजदीक से रास्ता दिया गया। बाद में लोगों के विरोध के बाद सारस चौराहे से कुछ आगे ट्रैफिक लाइट के पास नया कट बनाया गया।इसके बावजूद इस क्षेत्र में दुर्घटनाएं जारी हैं। ताजा हादसे ने एक बार फिर चौराहे की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।