छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी का पहला दौरा, स्वागत के लिए पोस्टर-बैनर की जगह लगाए गए भाजपा के झंडे

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने उनका स्वागत किया। यहां से वह भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनसे मिलने पहुंचे।

स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार राजधानी में उनके स्वागत के लिए पारंपरिक होर्डिंग और बैनर नजर नहीं आए। इसके बजाय शहर के अलग-अलग स्थानों पर भाजपा के झंडे लगाए गए हैं। बताया गया है कि पोस्टर और बैनर नहीं लगाने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, दौरे के अवसर पर प्रस्तावित भारतीय जनता युवा मोर्चा की बाइक रैली को भी देर रात रद्द कर दिया गया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्मृति ईरानी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व से प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत प्रचार की होड़ में शामिल होने के बजाय संगठन के विस्तार और मजबूती पर ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक, कार्यकर्ताओं का मुख्य उद्देश्य संगठन के लिए काम करना होना चाहिए।

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि स्मृति ईरानी के दौरे के दौरान कई बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश में और सक्रियता के साथ काम करेंगे। स्मृति ईरानी का यह दौरा संगठन की आगामी गतिविधियों और रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।