दुर्ग । भिलाई में देशी कंपोजिट शराब भ_ी स्थित आहाता में पिस्टलनुमा एयर गन दिखाकर गल्ले से नकदी लूटने के मामले में छावनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आहाता संचालक को जान से मारने की धमकी देकर 5,400 रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक काले रंग की एयर गन, कैंची और 1,250 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी जैकी जायसवाल (31), निवासी साईं नगर, कैंप-01, भिलाई ने 23 अक्टूबर को थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 22 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह साक्षरता चौक के सामने स्थित देशी कंपोजिट शराब भ_ी के आहाता में बैठकर ग्राहकों को सामान दे रहा था। इसी दौरान गोपी तिवारी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए गल्ले में हाथ डालने लगा। प्रार्थी ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने काले रंग की पिस्टलनुमा एयर गन दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और गल्ले से 5,400 रुपये निकालकर फरार हो गया।
० पूछताछ में अपराध स्वीकारने का दावा
शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 720/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 309(4) और आम्र्स एक्ट की धारा 28 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी गोपी तिवारी (27), निवासी उडिय़ा मोहल्ला, कैंप-02, भिलाई को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से एक काले रंग की एयर गन, एक कैंची और 1,250 रुपये नकद जब्त किए गए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लूट, धमकी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें।
