युवा रत्न सम्मान योजना: प्रतिभाशाली युवाओं को मिलेंगे 1 लाख रुपये, विशेष सम्मान में संस्था को 5 लाख तक का पुरस्कार

Follow Us

सुकमा। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं की प्रतिभा और समाज के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के युवा रत्न सम्मान की घोषणा की है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं और स्वैच्छिक संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पात्र आवेदकों से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन मांगे गए हैं।

योजना का उद्देश्य प्रदेश के होनहार युवाओं को उनके काम के लिए पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत और लोक कला जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को इस सम्मान के लिए चुना जाएगा। चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की नकद राशि के साथ पदक, प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किया जाएगा।

योजना में विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान का भी प्रावधान है। इसके तहत व्यक्तिगत श्रेणी में विशिष्ट सेवा कार्य करने वाले चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, समाज के लिए उल्लेखनीय काम करने वाली पात्र स्वैच्छिक संस्था या संगठन को पांच लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

इस योजना के लिए छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना जरूरी है। निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदक की आयु एक अप्रैल 2026 तक कम से कम 15 वर्ष पूरी होनी चाहिए और 31 मार्च 2027 को उसकी उम्र 29 वर्ष से कम होनी चाहिए। इच्छुक युवा और पात्र संस्थाएं निर्धारित आवेदन प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सुकमा के कार्यालय में 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं।