रायपुर । राजधानी रायपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दुष्कर्म, मकान और वाहन चोरी, सड़क दुर्घटना में मौत, जुआ, अवैध हथियार से हवाई फायरिंग और मादक पदार्थ रखने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने संबंधित शिकायतों के आधार पर अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
० शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की पहचान कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी और उनके बीच प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया है।
० सूने मकान और वाहनों को बनाया निशाना
डीडी नगर थाना क्षेत्र के डगनिया में अज्ञात चोर ने सूने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.35 लाख रुपये बताई गई है। खमतराई थाना क्षेत्र की डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में खड़ी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई। वाहन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्काईपार्क बिल्डिंग के सामने पार्किंग से फैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। गुढिय़ारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज स्थित महतारी चौक के पास एक सूने मकान से एचपी कंपनी का लैपटॉप चोरी होने का मामला भी सामने आया है। लैपटॉप की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।
० सड़क पार कर रहे बुजुर्ग की मौत
डीडी नगर थाना क्षेत्र के कुम्हारपारा, रायपुरा में 24 अक्टूबर की सुबह एक वाहन की टक्कर से 80 वर्षीय बुधारू राम साहू की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग सड़क पार कर रहे थे, तभी वाहन चालक ने कथित तौर पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
० जुआ खेलते 11 लोग पकड़े गए
टिकरापारा थाना क्षेत्र के सरजू बांधा तालाब के पास जुआ खेलने के आरोप में पुलिस ने गोलू जगत सहित 11 लोगों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो नग बुल और 20,600 रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
० प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग का आरोप
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, पलाश तिवारी ने कथित तौर पर पिस्तौल से हवाई फायर किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने आम्र्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
० 20 वर्षीय युवक के पास मिला 25.27 ग्राम हेरोइन
गंज थाना क्षेत्र में तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे पुलिस ने एक युवक को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, युवक के कब्जे से प्लास्टिक के डिब्बे में रखा 25.27 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान शेखर राव के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
