दुर्ग। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत दुर्ग के इंदिरा मार्केट, स्टेशन रोड और ग्रीन चौक सहित भिलाई के पावर हाउस मार्केट तथा जवाहर मार्केट सुपेला में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना, जाम की स्थिति से बचना और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात कार्यालय लाया जा रहा है। साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की समझाइश दी जा रही है। यातायात पुलिस पीए सिस्टम के माध्यम से दुकानदारों, वाहन चालकों और बाजार में पहुंचने वाले लोगों को भी लगातार जागरूक कर रही है। पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्रों में बेतरतीब पार्किंग के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और जाम की स्थिति बन जाती है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ बाजार आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन पार्क करने से बचें। वहीं, दुकानदारों से भी दुकानों के सामने अनधिकृत पार्किंग को बढ़ावा नहीं देने का आग्रह किया गया है। पुलिस ने त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन करने और दुर्ग-भिलाई की सड़कों को जाममुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है।
