० एक महिला और चार पुरुष गिरफ्तार, चार विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए; सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से हुआ खुलासा
बलौदाबाजार । बलौदाबाजार नगर की शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी, सोनपुरी रोड स्थित एक मकान से सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने कथित गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में एक महिला, चार पुरुष और चार विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल नौ लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी निवासी तुलसी चरण जायसवाल (32) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 887/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305 और 61(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धाराओं 75 और 78 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
० सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली जानकारी और मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान की। इसके बाद दबिश देकर कुल नौ लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों और कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। घर खाली होने की जानकारी मिलने पर वे रात के समय योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
० पांच वयस्क आरोपी, चार बालक
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में रितेश कुमार पाढ़ी (34), हेमनाथ यादव उर्फ गोलू उर्फ टप्पू (27), प्रियांशु साहू उर्फ लक्की (18 वर्ष 3 माह), युवराज दुलानी उर्फ युवी (18) और सृष्टि उर्फ डाली ठाकुर (26) शामिल हैं। इनके अलावा चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर को उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करें और आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने के लिए दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर संपर्क किया जा सकता है।
