रायपुर में हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और वाहन चोरी के पांच मामले दर्ज

Follow Us

रायपुर । राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म तथा दोपहिया वाहन चोरी के पांच मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध कायम कर जांच शुरू की है।

० तिरुपति भोजनालय जाते समय युवक पर हमला
दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में 22 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे रिंग रोड नंबर-1 के सामने वेंकट जपल्ले पर चार अज्ञात बाइक सवारों ने हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने बिना किसी कारण धारदार हथियार से वार कर उन्हें जान से मारने की नीयत से गंभीर चोटें पहुंचाईं। पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज किया है।

० शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
उरला थाना क्षेत्र के सरोरा स्थित मजदूर नगर में एक युवती ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचय होने के बाद आरोपी सुनील निषाद ने शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 19 अक्टूबर की घटना से संबंधित दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।

० नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
खमतराई थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और होटल में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी गौरव बघेल उसे अपने साथ ले गया था। पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

० लभांडी और बीटीआई मैदान से दो स्कूटी चोरी
तेलीबांधा थाना क्षेत्र के ईश्वर्या एम्पायर की पार्किंग से 17 अक्टूबर को एक स्कूटी चोरी हो गई। वाहन मालिक प्रवेश यादव की शिकायत के अनुसार, अज्ञात आरोपी उनकी करीब 40 हजार रुपये कीमत की स्कूटी लेकर फरार हो गया। इसी तरह खम्हारडीह थाना क्षेत्र के बीटीआई मैदान से 18 अक्टूबर को एक अन्य स्कूटी चोरी हुई। जागृति वर्मा की शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोर उनकी करीब 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी ले गया। दोनों मामलों में पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।