0 फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गंभीरता और तत्परता से सुनवाई करें अधिकारी। एसपी सूरजपुर योगेश कुमार पटेल
सूरजपुर । पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की वेशभूषा का जायजा लिया। इस दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास फरियाद लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता से सुनी जाए। शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनका उचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का बेहतर व्यवहार, प्रभावी संवाद और समयबद्ध कार्रवाई आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करती है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने उत्कृष्ट आचरण और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर मजबूत कार्यशैली से नागरिकों का भरोसा जीतें, ताकि आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और पुलिस के साथ उनका जुड़ाव और अधिक मजबूत हो।
पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस जवानों की व्यक्तिगत समस्याओं एवं गुजारिशों को भी गंभीरतापूर्वक सुना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी तथा पुलिस लाइन एवं विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
