रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल केल्हारी बस दुर्घटना में घायल लोगों से मिलने अपने निजी कार्यक्रम स्थगित कर मनेन्द्रगढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और इलाज की जानकारी लेकर सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी करने और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार दुर्घटना प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि केल्हारी बस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अनेक लोग घायल हुए थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। स्वास्थ्य मंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
