रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, दिन के तापमान में बड़ी गिरावट के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 23 अक्टूबर को आसमान साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अन्य जिलों की बात करें तो माना एयरपोर्ट रायपुर में अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 20.04 डिग्री, बिलासपुर में 31.0 और 20.6 डिग्री, पेंड्रा रोड में 31.6 और 17.0 डिग्री तथा अंबिकापुर में 31.8 और 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.5 और न्यूनतम 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अंडमान द्वीप समूह के आसपास ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इस सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ और तीव्र होने के आसार हैं।
