नगरी मार्ग को मिला मेगा प्रोजेक्ट, 92.03 करोड़ से बनेगा महानदी पर हाई-लेवल ब्रिज,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

Follow Us

० अछोटा पुल धमतरी में विकास और विश्वास का सेतु बनेगा-रंजना साहू
० रंजना साहू ने इस उपलब्धि पर कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में धमतरी विधानसभा में विकास कार्यों की झड़ी लगी है

धमतरी । धमतरी विधानसभा को दीपावली से पहले विष्णुदेव सरकार की बड़ी सौगात मिली है। जिला धमतरी के धमतरी-नगरी मार्ग के ग्राम अछोटा के पास महानदी में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुँच मार्ग निर्माण हेतु 92.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पर वित्त विभाग द्वारा सहमति प्रदान कर दी गई है।

बरसों पुरानी मांग हुई पूरी, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
यह पुल धमतरी क्षेत्र की बरसों पुरानी मांग थी। इस पुल के बन जाने से धमतरी से नगरी, सिहावा और आसपास के सैकड़ों गांवों का संपर्क साल भर बना रहेगा। इस मार्ग से आवागमन पर किसानों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानी होती थी। अब इस समस्या से स्थायी निजात मिलेगी।

रंजना साहू ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
इस ऐतिहासिक सौगात पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय जी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
अपने बयान में रंजना साहू ने कहा कि यह धमतरी के विकास के लिए ऐतिहासिक क्षण है। मैं माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की हृदय से आभारी हूं, जिन्होंने धमतरी की जनता की पीड़ा को समझा और इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दी। डबल इंजन की सरकार में धमतरी को लगातार विकास की सौगातें मिल रही हैं। यह पुल सिर्फ एक पुल नहीं, बल्कि धमतरी के विकास, विश्वास और प्रगति का सेतु बनेगा। इससे हमारे अन्नदाता किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में आसानी होगी, हमारे बच्चों को स्कूल-कॉलेज जाने में सुविधा होगी और आम जनता का जीवन सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में धमतरी विधानसभा में विकास कार्यों की झड़ी लगी है और आने वाले समय में और भी बड़ी सौगातें क्षेत्र को मिलेंगी।

वित्त विभाग से सहमति मिलने के बाद अब लोक निर्माण विभाग द्वारा जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगी, श्रीमती रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद रूपकुमारी चौधरी का आभार जताया और धमतरी की जनता को इस उपलब्धि की बधाई दी।