बुधवारी बाजार में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी पकड़ा गया

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जांजगीर के बुधवारी बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में झारखंड निवासी एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 14 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में कोतवाली थाना जांजगीर में मोबाइल चोरी के चार अलग-अलग अपराध दर्ज हैं।

बुधवारी बाजार में सब्जी खरीदते समय चोरी हुए थे मोबाइल
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी धनंजय कुमार शुक्ला, निवासी पुराना मदन पेट्रोल पंप के सामने जांजगीर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम करीब 6:30 बजे बुधवारी बाजार में सब्जी खरीदने गया था। इस दौरान उसकी जेब में रखा सैमसंग गैलेक्सी कंपनी का मोबाइल किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया।

रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 869/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी तरह शिवनारायण सोनी निवासी जांजगीर, प्रमोद कुमार तिवारी निवासी तागा, मूलमुला और संतोष कुमार कश्यप निवासी सलखन, थाना शिवरीनारायण ने भी बुधवारी बाजार में मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इन मामलों में अपराध क्रमांक 870/2026, 871/2026 और 875/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

नैला रेलवे स्टेशन के पास संदेह के आधार पर पकड़ा गया आरोपी
लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान नैला रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति के संदिग्ध रूप से घूमने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की।

रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी विवाद पर पवन खेड़ा बोले, युवाओं की आवाज दबाना चाहता है संघ : पवन खेड़ा

आरोपी की पहचान मोहन महतो, निवासी बाबूपुर, थाना तीनपहाड़, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ जांजगीर के साप्ताहिक बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करना बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 1,14,500 रुपये है।

चंपा में किराए का कमरा लेकर करते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले 25 से 30 दिनों से चांपा में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ आसपास के जिलों के बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी करने जाता था। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल था, जिसे पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों को झारखंड के तीनपहाड़ क्षेत्र में मोबाइल चोरी करने के तरीके सिखाए गए थे। भीड़ में लोगों की जेब से मोबाइल निकालने के लिए वे विशेष तरीका अपनाते थे। पकड़े जाने की स्थिति में संदेह से बचने के लिए कथित तौर पर गूंगा होने का नाटक भी करते थे। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए मोबाइल झारखंड ले जाए जाते थे और वहां से भारत के बाहर नेपाल भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

कुंभ से पहले गंगा घाटों की सफाई में जुटा एकम्स

आरोपी पुलिस रिमांड पर, अन्य साथियों की तलाश जारी
मामले में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह के दूसरे सदस्यों के संबंध में भी जानकारी मिल सकती है। फरार साथियों की तलाश जारी है।

साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में साइबर थाना जांजगीर की टीम तथा थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई में दोनों थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है तथा चोरी के अन्य मोबाइल फोन की बरामदगी और गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान के प्रयास जारी हैं।