मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर रायपुर में कांग्रेस की साइकिल-बाइक रैली, लगाए नारे

Follow Us

रायपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को राजधानी में साइकिल और बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित रैली का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने किया। इसमें पूर्व विधायक विकास उपाध्याय समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए।

रैली की शुरुआत आजाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा से हुई। यहां से कार्यकर्ता साइकिल और बाइक लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर अस्पताल पहुंचे। अलग-अलग ब्लॉकों के अध्यक्ष भी अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के साथ रैली में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग की। रैली के जरिए पार्टी ने अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।