धान खरीदी से महतारी वंदन तक, भूपेश बघेल ने साय सरकार को घेरा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर धान खरीदी, किसानों के पंजीयन, महतारी वंदन योजना, पीएससी परीक्षाओं और रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर साय सरकार को घेरा। उन्होंने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए जनता को राहत नहीं मिलने का आरोप लगाया।

भूपेश बघेल ने कहा कि 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू होनी है, लेकिन तैयारियां नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने राइस मिलर्स द्वारा चावल जमा नहीं किए जाने और पटवारियों की हड़ताल के कारण किसानों के पंजीयन में आ रही दिक्कतों पर चिंता जताई। महतारी वंदन योजना को लेकर उन्होंने दावा किया कि लाभार्थियों की संख्या 70 लाख से घटकर 68 लाख हो गई है और सवाल किया कि पोर्टल बंद होने के दौरान दो लाख लोगों के नाम कैसे कट गए।

पीएससी परीक्षाओं को लेकर बघेल ने पीएससी 2024 की परीक्षा निरस्त कर सीबीआई जांच कराने, पीएससी 2025 की आंसर शीट जारी करने और आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने मजदूरों की दिवाली, ग्राम पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने के वादे, रायपुर में ट्रैफिक जाम और बंद सिग्नलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे पर आदिवासी परंपराओं को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। बघेल ने कहा कि धान कटाई शुरू हो चुकी है और मंत्रियों को जमीनी स्थिति देखनी चाहिए। इन आरोपों पर राज्य सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।