पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को मुख्यमंत्री साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी श्रद्धांजलि

Follow Us

रायपुर । माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शहीद जवानों के साहस, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर सपूतों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। राष्ट्र और समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उनका बलिदान आने वाली पीढिय़ों को देशसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन भी है। पुलिस के जवान विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं और नागरिकों की सुरक्षा के साथ समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।

० नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता में जवानों का योगदान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ के लिए पुलिस स्मृति दिवस विशेष महत्व रखता है। दशकों तक नक्सलवाद की हिंसा और भय से प्रभावित रहे प्रदेश ने शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता के पीछे सुरक्षा बलों के जवानों का अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का त्याग व्यर्थ नहीं जाएगा। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत करना तथा विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में शहीद पुलिस जवानों को नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। इस अवसर पर राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए समर्पित पुलिस बल के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।