बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में मे महानवमी के दिन एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय बालक की जान चली गई। मां महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट में नहाने के दौरान बालक गहरे पानी में डूब गया। करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद उसका τशव बरामद किया गया। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान इरशाद आलम के रूप में हुई है। वह झारखंड के डाल्टनगंज क्षेत्र के बंदूवा गांव से अपने परिजनों के साथ रामानुजगंज में गुब्बारे बेचने आया था।
नहाने के दौरान गहरे पानी में गया बालक
जानकारी के अनुसार, महानवमी के अवसर पर इरशाद मां महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट पहुंचा था। दोपहर में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दो बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और बालक की तलाश शुरू की गई।
स्थानीय युवकों ने पानी में उतरकर काफी देर तक खोजबीन की। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 3:20 बजे इरशाद का शव पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पर्व की खुशियां मातम में बदलीं
महानवमी के दिन हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार के दौरान हुई इस घटना से रामानुजगंज क्षेत्र में भी शोक व्याप्त है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
