पांच माह की गर्भवती मिली 14 वर्षीय किशोरी, ताड़ोकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के ताड़ोकी थाना क्षेत्र में उपचार के बहाने 14 वर्षीय नाबालिग से कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। किशोरी के लगभग पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। परिजनों की शिकायत पर ताड़ोकी पुलिस ने ग्राम आमागांव निवासी 44 वर्षीय वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है।
उपचार के बहाने संपर्क में आया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को नाबालिग के पिता ने थाना ताड़ोकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को बेटी की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए ग्राम आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा के पास ले जाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने किशोरी की जांच करने के बहाने उसकी बच्चेदानी में समस्या होने और भविष्य में उपचार में परेशानी आने की बात कही। उसने किशोरी को एक ताबीज भी दिया।
परिजनों से अलग रखने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 25 मई 2026 को घरेलू काम के चलते किशोरी को उसके चाचा के साथ आरोपी के घर भेजा गया था। आरोप है कि वहां आरोपी ने किशोरी को पूजा कक्ष में रखा और उसके साथ आए परिजन को दूसरी जगह भेज दिया। इसके बाद भी किशोरी को कई बार आरोपी के पास ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उसे परिजनों से अलग रखा जाता था।
बीजापुर में बथुकम्मा उत्सव की धूम, 341 से अधिक पूजा स्थलों पर पहुंचे विधायक विक्रम मंडावी
अस्पताल में जांच के दौरान हुआ खुलासा
17 अक्टूबर 2026 को किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अंतागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसके लगभग पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों ने किशोरी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे नशीली दवा देकर बेहोश कर देता था और इस दौरान उसके साथ यौन शोषण करता था।
पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता के पिता की रिपोर्ट पर ताड़ोकी थाने में अपराध क्रमांक 13/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2)(m), 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार पिस्दा (44), पिता स्व. अमर सिंह पिस्दा, निवासी ग्राम आमागांव, थाना ताड़ोकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद 19 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने राष्ट्रीय बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए किया रवाना
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल, उपनिरीक्षक हेमलता परिहार, महिला आरक्षक रामेश्वरी नारेटी और आरक्षक विष्णु मंडावी की भूमिका रही।
बच्चों के शोषण की सूचना तत्काल दें
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के शोषण अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने, डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या महिला रक्षा टीम हेल्पलाइन 9479155925 पर सूचना दें।
