शैलेश पांडेय का BJP पर हमला, बोले- नेताओं में आपसी तालमेल की कमी से पिछड़ा बिलासपुर का विकास

Follow Us

बिलासपुर। शहर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं के बीच आपसी तालमेल की कमी के कारण बिलासपुर का समुचित विकास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान और जनता की आवाज उठाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।प्रेस क्लब के ‘पहुना’ कार्यक्रम में शैलेश पांडेय ने कहा कि बिलासपुर में बारिश के दौरान जलभराव, बार-बार बिजली गुल होने और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने कहा कि दोबारा विधायक बनने का अवसर मिलने पर इन मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे और शहर के विकास के लिए केंद्र से अधिक फंड लाने का प्रयास करेंगे।

पांडेय ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, नाइट लैंडिंग की सुविधा और उड़ान सेवाओं के संचालन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने नदी संरक्षण, बेहतर जल निकासी और शहरी विकास के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने पर जोर दिया। साथ ही नगर निगम सीमा विस्तार और बिलासपुर को बी-ग्रेड सिटी का दर्जा दिलाने के प्रयासों का उल्लेख किया।उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा, कंप्यूटर शिक्षा और ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई।पूर्व विधायक ने कहा कि शहर की समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के लिए जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय और लगातार प्रयास जरूरी हैं।