- पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना।
रायपुर । छत्तीसगढ़ पुलिस के बाईक रैली के टीम को माननीय अरूण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ के द्वारा तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता/एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स छत्तीसगढ़ अमित कुमार की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। फ्लैग ऑफ सेरेमेनी पुलिस परेड ग्राउण्ड, रक्षित आरक्षी केन्द्र, कमिश्नरेट रायपुर में आयोजित की गई।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर नशे के विरूद्ध लड़ाई विषय पर जन जागरण के उद्देश्य से देशव्यापी नेशनल बाईक रैली 2026 का आयोजन किया है, जो संपूर्ण देश में दिनांक 04 अक्टूबर से प्रारंभ होकर दिनांक 31 अक्टूबर को एकता नगर गुजरात में पहुंचकर समाप्त होगी। यह बाईक रैली 28 राज्यों एवं 08 संघ शासित प्रदेशों में जाकर मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न जिलों एवं स्थानों में एक भारत, श्रेष्ठ भारत तथा नशा के विरूद्ध लड़ाई के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इस बाईक रैली को संपूर्ण भारत में उत्तर जोन, मध्य जोन, दक्षिण जोन और उत्तर-पूर्व जोन कुल 04 जोन में बांटा गया है, जिसमें राज्यों के पुलिस, केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल एवं अन्य केन्द्रीय पुलिस संगठन सम्मिलित होकर इस कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान कर रहे है।
इसी तारतम्य में मध्य जोन में 06 राज्य बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, उड़िसा, छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश सम्मिलित है। मध्य जोन की बाईक रैली दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को उड़िसा के भुवनेश्वर से प्रारंभ होकर जिला-महासमुंद होते हुये दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर में पहुंची है, जिसका दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को मरीन ड्राईव में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं कमिश्नरेट रायपुर की ओर से तथा रायपुर राजधानी के आम नागरिकों के द्वारा भव्य स्वागत किया गया। दिनांक 17. 10.2026 को उड़िसा पुलिस के बाईक रैली के टीम के सदस्यों का तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के बाईक रैली टीम के सदस्यों का संयुक्त रूप से जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाकर इस बाईक रैली के नशा के विरूद्ध लड़ाई के संकल्प के उद्देश्य को साकार किया।
आज 18.10.2026 को ओडिसा पुलिस के बाईक रैली टीम के सदस्यों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के बाईक रैली टीम से सर्वप्रथम पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता के द्वारा परिचय प्राप्त किया गया एवं दोनो टीम से परिचय प्राप्त कर बाईक रैली के उद्देश्य को साकार करने हेतु बाईक रैली के टीम के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया गया। सर्वप्रथम पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के द्वारा कार्यक्रम का संक्षिप्त परिचय दिया गया साथ ही राष्ट्रीय एकता एवं नशामुक्ति का संदेश लेकर जाने वाली बाईक रैली टीमों को शुभकामना संदेश दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता अमित कुमार ने अपने उदबोधन में कहा कि यह बाईक रैली जहां राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है तथा वही दूसरी ओर नशे के विरूद्ध जो लड़ाई है। पुलिस और समाज दोनो को मिलकर नशे के विरूद्ध एक साथ मिलकर लड़ना है। इस बात का भी संदेश दे रही है।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अरूण देव गौतम ने ओडिसा एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के बाईक राईडर्स के अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के प्रति उनके जज्बे की सराहना की उन्होने कहा कि यह बाईक रैली केवल एक यात्रा नही बल्कि राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने और और नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर उक्त बाईक रैली को रवाना करने के पश्चात् यह बाईक रैली रक्षित आरक्षी केंद्र कमिश्नरेट रायपुर के पुलिस ग्राऊण्ड से प्रारंभ होकर जिला-बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा होते हुये जिला-कबीरधाम पहुंचेगी। इसके पश्चात् मध्यप्रदेश में अन्य विभिन्न राज्यों के टीमों के साथ सम्मिलित होकर जबलपुर, भोपाल, इंदौर होते हुये कुल 2,245 कि.मी. का सफर तय करते हुये एकता नगर गुजरात पहुंचेगी।


