रामानुजगंज में दुर्गा पूजा की धूम, आकर्षक पंडाल और भव्य प्रतिमाएं खींच रहीं श्रद्धालुओं का ध्यान

Follow Us

0 एक दर्जन से अधिक दुर्गा पंडालों में विराजमान हैं मां दुर्गा, दूर-दराज से दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालु

रामानुजगंज। जिले के सबसे बड़े शहर रामानुजगंज में शारदीय नवरात्र के अवसर पर आस्था और भक्ति के विविध रंग देखने को मिल रहे हैं। पूरा नगर मां दुर्गा की आराधना में लीन है। नगर के विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों पर एक दर्जन से अधिक दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। आकर्षक साज-सज्जा, मनमोहक पंडाल और देवी गीतों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। मां दुर्गा के दर्शन और दुर्गा पूजा की भव्यता देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से भी श्रद्धालु रामानुजगंज पहुंच रहे हैं।
रामानुजगंज में दुर्गा पूजा का आयोजन कई दशकों से विशेष धूमधाम के साथ किया जाता रहा है। यहां की दुर्गा पूजा की अपनी अलग पहचान है। इस वर्ष भी विभिन्न पूजा समितियों द्वारा आकर्षक पंडालों का निर्माण कर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। प्रतिमाओं को विशेष रूप से तैयार किया गया है, वहीं कई स्थानों पर कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है। पंडालों की आकर्षक सजावट और प्रतिमाओं की भव्यता श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

पुराने दुर्गा पंडालों में आज भी बरकरार है परंपरा
नगर के सबसे पुराने दुर्गा पूजा आयोजनों में नवयुवक दुर्गा पूजा संघ का विशेष स्थान है। यहां पीपल के पेड़ के नीचे मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर वर्षों से परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना की जाती रही है। वहीं मध्य बाजार में भी दो अलग-अलग स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।नगर के वार्ड क्रमांक एक में स्थापित दुर्गा पंडाल की आकर्षक सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। इसी तरह कोईरीटोला में बने दुर्गा पूजा पंडाल की भव्यता भी देखते ही बन रही है। बिजली ऑफिस के समीप स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा की विशेष सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।

खोपा महुआ से रंगीला चौक तक भक्तिमय माहौल
रामानुजगंज के खोपामहुआ में भी दुर्गा पूजा विशेष धूमधाम से मनाई जा रही है। यहां की आकर्षक साज-सज्जा और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं रंगीला चौक में भी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है।
शारदीय नवरात्र के दौरान नगर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में सुबह-शाम पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जा रहा है। चारों ओर गूंजते देवी गीत, भक्तिमय संगीत और श्रद्धालुओं की चहल-पहल से पूरा नगर आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। नवरात्र के इस पावन अवसर पर रामानुजगंज में धार्मिक उत्साह चरम पर है। मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति के साथ पूरा शहर शक्ति की उपासना में जुटा हुआ है।