बयाना । बयाना सीओ सर्किल के थाना गढ़ी बाजना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोट के गांव में बीती रात करीब एक बजे अचानक भीषण आग लगने से किसानों की तीन ट्रॉली करब जलकर राख हो गई। आग ने पास स्थित एक कच्चे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा अनाज, बिस्तर, खाट और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटें देखकर मकान में सो रहे व्यक्ति ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई। घटना से पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात अचानक आग की लपटें उठने लगीं।
आग देखकर पड़ोसियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखी करब के साथ कच्चे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। मकान में सो रहे व्यक्ति ने आग की लपटें देखकर तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों के प्रयासों के बावजूद काफी नुकसान हो गया। आग से किसान सियाराम और अजब सिंह की करीब तीन ट्रॉली करब जलकर राख हो गई। वहीं, पड़ोसी विशम्बर दयाल के कच्चे मकान में रखा बाजरा, गेहूं, बिस्तर, खाट, इंजन और अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
