मड़मड़ा में आंगनबाड़ी और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की विकास कार्यों की घोषणाएं

Follow Us

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। मड़मड़ा में उन्होंने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 और 5 लाख रुपये की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन किया। नए आंगनबाड़ी भवन से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और अन्य सुविधाएं मिलेंगी, वहीं डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और शासकीय योजनाओं की राशि निकालने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मड़मड़ा में उप मुख्यमंत्री ने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा बाजार छपरी में 15 लाख, पटवारी भवन के पास 10 लाख और पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। कबरटोला में वे दुर्गोत्सव और नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए तथा देवी दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। रामायण पाठ के बाद उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। कबरटोला में पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपये का सामुदायिक भवन, 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कें, नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपये का मंच और शीतला मंदिर की ओर 5 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण की घोषणा की गई।