बेंगलुरु। वेस्टइंडीज के आक्रामक प्रदर्शन को देखते हुए पांचवें टी20 में भारत को अपनी छिपी हुई बल्लेबाजी कमियों को दूर करना होगा। दोनों टीमों के बीच शनिवार को बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। अब तक हुए चार मुकाबलों में रनों की बरसात ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कई कमियों को छुपा दिया है। दोनों टीमें फिलहाल सीरीज में दो-दो की बराबरी पर हैं।
क्या है भारत के लिए चिंता का विषय:
भारतीय टीम के लिए समस्याएं शीर्ष क्रम से शुरू होती हैं। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने व्यक्तिगत रूप से कुछ बेहतरीन प्रदर्शन किए हैं, लेकिन एक ओपनिंग जोड़ी के रूप में उनका प्रदर्शन 29, 42, 7 और 60 रन का रहा है। हैदराबाद में हुई 60 रनों की साझेदारी भी थोड़ी भ्रामक थी, क्योंकि उसमें से 56 रन अकेले संजू ने बनाए थे, जबकि अभिषेक के खाते में केवल दो रन आए थे। जब यह साझेदारी टूटी, तो मध्य क्रम उस लय को आगे नहीं बढ़ा सका। हालांकि, इस बात की संभावना कम है कि भारत ओपनिंग जोड़ी में कोई बदलाव करेगा। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी को इस मैच में भी बाहर बैठना पड़ सकता है।
सेवा की कहानी :मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से सरदार बसंत सिंह को मिली 62,790 की छूट
मध्य क्रम ने किया है निराश:
ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे, जिससे इस सीरीज में भारतीय मध्य क्रम की धीरे-धीरे होती गिरावट उजागर होती है। अय्यर ने लखनऊ में खेले गए पहले टी20 में 102 रन बनाए थे, लेकिन उनकी अगली तीन पारियों में केवल 40, 1 और 16 रन ही आए। इस मैच में हार से कप्तान के तौर पर अय्यर की छवि को भी झटका लग सकता है। आयरलैंड और इंग्लैंड से हारने के बाद जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान को हराकर उन्होंने आत्मविश्वास हासिल किया। श्रेयस की कप्तानी को खतरा नहीं है लेकिन अनुभवी और आक्रामक विरोधी टीम के सामने उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल जरूर उठ सकते हैं। तीसरे नंबर पर ईशान ने 43, 37 और छह रन बनाए हैं। वहीं, धीर की पारियां 4, 10 और 0 की रही है।
क्या कुलदीप को मिलेगा मौका?:
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की सपाट पिच बल्लेबाजों की ऐशगाह मानी जाती है। इस मैदान पर हालांकि अक्तूबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेली गई है। कुछ आईपीएल मैचों के अलावा यहां बड़े मैच भी नहीं खेले गए। ऐसे में भारत स्पिनर कुलदीप यादव को फिर टीम में लाया जा सकता है। तीसरे और चौथे मैच में बाहर रहे कुलदीप का अनुभव टीम के लिए कारगर साबित हो सकता है। वहीं पिछले मैच में कंधे की चोट का शिकार हुए अर्शदीप सिंह की जगह अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी हुई है।
प्रिंस यादव, मयंक यादव, धीर और रेड्डी कैरेबियाई बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सके हैं। लिहाजा ऐसे में भुवनेश्वर का अनुभव काफी कारगर साबित होगा। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड 261 और 221 रन बना चुके हैं और सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शीर्ष दो स्थानों पर हैं। भारत को इन दोनों को जल्दी आउट करना होगा जैसा इंदौर में तीसरे टी20 के दौरान किया था।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
- भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर/कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव, भुवनेश्वर कुमार।
- वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू, शिमरॉन हेत्मायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, शमार स्प्रिंगर, कीमो पॉल, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती।
- https://amritsandesh.com/minister-rajesh-agrawal-launched-free-live-online-coaching-for-neet-and-jee-in-35-government-schools-across-surguja-district/
