CJP के तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, 21 प्रमुख रास्तों पर आवाजाही प्रभावित; 16-17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को प्रस्तावित इस मार्च के मद्देनजर मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहर 3 बजे से यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने वाहन चालकों को 21 प्रमुख मार्गों और चौराहों से बचने तथा घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।

21 प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मार्च के मद्देनजर नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास यातायात को नियंत्रित और डायवर्ट किया जा सकता है। प्रभावित होने वाले प्रमुख मार्गों में संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड और जनपथ शामिल हैं।इसके अलावा रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, कस्तूरबा गांधी मार्ग और टॉलस्टॉय मार्ग के आसपास भी यातायात प्रभावित हो सकता है।अशोक रोड पर जीपीओ से सी-हेक्सागन तक, तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड पर भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने और संभव हो तो निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है।

तिरंगा मार्च से दूर रहने की पुलिस की अपील
कनॉट प्लेस में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने आम जनता से इलाके में नहीं पहुंचने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू है।
पुलिस ने लोगों से प्रस्तावित मार्च में शामिल होने के लिए मौके पर नहीं पहुंचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, कुछ लोगों को निर्धारित शर्तों के तहत किसी उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की प्रतीकात्मक अनुमति दी जा सकती है।

शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में जुटने का आह्वान
सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) ने 16 अक्टूबर को ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया है। संस्था के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से शाम 5 बजे राष्ट्रीय ध्वज के साथ कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की थी।
यह कार्यक्रम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार को लेकर जारी विरोध के बीच आयोजित करने का आह्वान किया गया है। संस्था ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए बंद रखने की सूचना दी है। परिषद ने इसके पीछे प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस से पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।मार्च के आह्वान और पार्क बंद रखने के फैसले के बीच कनॉट प्लेस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा पहले से निर्धारित करें।