लैक्मे फैशन वीक में अली फजल का रॉयल लुक, तरुण तहिलियानी के कलेक्शन के बने शोस्टॉपर

Follow Us

नई दिल्ली। लैक्मे फैशन वीक 2026 में मशहूर डिजाइनर तरुण तहिलियानी ने अपने ब्रांड तसवा का नया मेंसवियर कलेक्शन पेश किया। ताज पैलेस में आयोजित इस शो में अभिनेता अली फजल शोस्टॉपर बनकर रैंप पर उतरे और अपने शाही अंदाज से सबका ध्यान खींचा। भारतीय शादियों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस कलेक्शन में पारंपरिक कारीगरी के साथ आधुनिक फैशन का मेल देखने को मिला। अली फजल हाथीदांत जैसे सफेद रंग के अंगरखा, बंदगला और कढ़ाईदार स्टोल में नजर आए। ट्री ऑफ लाइफ, लिप्पन आर्ट और पैस्ले डिजाइनों से प्रेरित इस कलेक्शन में भारतीय कला और संस्कृति की झलक दिखाई दी।

शो के समापन पर अली फजल, तरुण तहिलियानी और अन्य मॉडल्स के साथ जश्न मनाते और डांस करते नजर आए। अभिनेता ने डिजाइनर के कपड़े पहनने पर खुशी जताते हुए कहा, “मुझे यह बेहद पसंद है। मैं बहुत खुश हूं कि मुझे इसे पहनने का मौका मिला। यह एक खूबसूरत मेल है।” कलेक्शन में आरी वर्क, जरदोजी, मिरर वर्क, एप्लीक वर्क, मोतियों की सजावट और 3डी डिजाइन का इस्तेमाल किया गया। बारीक कढ़ाई और आधुनिक कट्स के जरिए पारंपरिक भारतीय शिल्प को नया रूप दिया गया। तसवा के इस कलेक्शन ने आधुनिक भारतीय पुरुषों के फैशन में परंपरा, व्यक्तिगत पसंद और नए प्रयोगों के संगम को पेश किया।