भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 मुकाबला रायपुर में

Follow Us

रायपुर। (तुमेश साहू)  नवा रायपुर में स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार शाम 7 बजे से भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मैच की तैयारियों को लेकर दोनों टीमों ने जबरदस्त अभ्यास किया। अभ्यास सत्र के अंतर्गत 12 और 13 अक्टूबर को अभ्यास किया। 14 अक्टूबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे और 15 अक्टूबर को शाम 6 से रात 9 बजे तक टीम ने मैदान पर पसीने बहाये। क्रिकेट विशेषज्ञ इस मैच में जबरदस्त मुकाबले की उम्मीद जता रहे हैं। इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा उप-कप्तान होंगी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं। 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं। तीनों मैच रायपुर में होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा। रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले देखने को मिलेंगे। इससे स्थानीय दर्शकों को महिला क्रिकेटरों के प्रदर्शन को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला यह मुकाबला शहर के खेल प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव रहेगा।

ई-टिकट से एंट्री, ओपन वाई-फाई की सुविधा

दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैन करने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ तय संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गया है । दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी।

एम्बुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर तैयार

स्वास्थ्य विभाग ने आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की है। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और वीआईपी आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर तय किया जाएगा। फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट की भी व्यवस्था रहेगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।

सपोर्ट कमेटी की रहेगी नजर

मैचों की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक की गई। इसके बाद रायपुर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इस समिति में पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।