दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड होते ही प्लेन में घुसी पुलिस, अभिजीत दीपके समेत CJP के तीनों बड़े नेता हिरासत में

Follow Us

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। मुंबई से दिल्ली पहुंचे सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के अंदर दाखिल होकर हिरासत में ले लिया। दीपके के साथ मौजूद पार्टी के अन्य शीर्ष नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी फ्लाइट के भीतर से ही हिरासत में ले लिया गया है।

प्लेन के अंदर पहुंचते ही बोले दीपके- ‘मुझे गिरफ्तार कर लीजिए’, पुलिस ने कहा- सहयोग करें
विमान जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा, पहले से मुस्तैद दिल्ली पुलिस की टीम सीधे एयरक्राफ्ट के अंदर दाखिल हो गई। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अभिजीत दीपके पुलिसकर्मियों से कहते नजर आ रहे हैं कि वे यहां गिरफ्तार होने ही आए हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए। जवाब में महिला पुलिसकर्मियों और अन्य अधिकारियों ने उनसे शांत रहने और सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह औपचारिक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि एहतियातन हिरासत (Detention) की कार्रवाई है। इसके बाद तीनों नेताओं को प्लेन से उतारकर सुरक्षा घेरे में अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

प्रदर्शन से पहले राजधानी में भारी नाकेबंदी, 500 से अधिक लोग हिरासत में
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के बावजूद सीजेपी नेताओं द्वारा कूच करने के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी की किलेबंदी कर रखी है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कर्तव्य पथ और जनपथ के 4 किलोमीटर दायरे में मोबाइल इंटरनेट बंद करने के अलावा संवेदनशील इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

शनिवार सुबह यूट्यूबर ध्रुव राठी और सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह को हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस ने कनॉट प्लेस और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न बॉर्डरों से अब तक 500 से ज्यादा संदिग्ध प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। पार्टी के तीनों शीर्ष नेताओं के फ्लाइट से उतरने से पहले ही पकड़े जाने के बाद जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन पर बड़ा असर पड़ा है.