शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, यातायात और विसर्जन व्यवस्था पर हुई चर्चा, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

Follow Us

कांकेर। आगामी दुर्गा पूजा उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कांकेर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेजा के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और एसडीओपी हरीश पाटिल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में सुरक्षा, यातायात, गरबा आयोजन, डीजे संचालन और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक में दुर्गा पंडालों, जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने तथा विसर्जन के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

पुलिस ने दुर्गा पूजा और गरबा समितियों को पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की हिदायत दी। वहीं, डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने और आपत्तिजनक गीतों एवं नारों से बचने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक संदेश फैलाने वालों पर भी नजर रखने की बात कही गई।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, चोरी एवं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की रोकथाम, विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। नदी और तालाबों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन कराने तथा पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर पालिका सीएमओ हेमंत कुमार नेताम, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार साहू, एएसआई सतीश वर्मा, नायब तहसीलदार संजय रॉय सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

पुलिस ने की सहयोग की अपील
कांकेर पुलिस ने नागरिकों, दुर्गा पूजा समितियों, गरबा आयोजकों और डीजे संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर देने की अपील की गई है।