सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल एक बार फिर से बड़े पर्दे पर एक साथ दिखने वाले हैं. वे आगामी फिल्म तू है मेरी किरण में एक साथ दिखेंगे. मेकर्स ने इस रोमांटिक थ्रिलर फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया है. यह एक ऐसे रिश्ते की झलक दिखाता है जिसमें प्यार धीरे-धीरे एक डरावने और जुनूनी मोड़ पर पहुंच जाता है. यह रोमांटिक थ्रिलर मिस्ट्री, सस्पेंस और चौंकाने वाले ट्विस्ट के जरिए एकतरफा प्यार की कहानी दिखाती है.सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने मंगलवार को इंस्टाग्राम हैंडल पर तू है मेरी किरण का ट्रेलर अपलोड किया और कैप्शन में लिखा, एक कनेक्शन, दो रियलिटी, एक सच्चाई. तू है मेरी किरण. ट्रेलर आ गया है. 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ट्रेलर में सोनाक्षी को किरण और जहीर को समर के तौर पर दिखाया गया है. जिनका रिश्ता आम नहीं लगता. ट्रेलर की शुरुआत जहीर के वॉयज ओवर से होता है, जो समर और किरण के कनेक्शन के बारे में बताता है. समर का मानना है कि उसके और किरण के बीच एक खास कनेक्शन है, लेकिन जिसे वह प्यार कहता है, वह जल्द ही काफी परेशान करने वाला लगने लगता है. क्योंकि उसका प्यार एकतरफा होता है.वह स्वीकार करता है कि कभी एकतरफा प्यार हुआ तो टूट जाएगा, इसलिए किरण को भी उससे प्यार करना होगा. यह सुनकर किरण समर से दूरी बनाने के लिए पक्का इरादा कर चुकी है. एक समय पर, वह उससे कहती है कि उसे अकेला छोड़ दे. हालांकि, समर हार मानने से इनकार कर देता है, जिससे संकेत मिलता है कि किरण के प्रति उसका जुनून तो बस शुरू ही हुआ है.
ट्रेलर उनके रिश्ते की असलियत को रहस्यमयी बनाए रखता है. कई सीन में तो हकीकत पर ही शक होता है. अजीब घटनाओं की वजह से किरण और दर्शक, दोनों ही सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि असल में क्या हो रहा है. ऐसे संकेत भी मिलते हैं कि कोई उसकी सोच को प्रभावित कर रहा है और उसे बर्बादी की कगार पर धकेल रहा है. समर का व्यवहार जैसे-जैसे पजेसिव होता जाता है, वैसे-वैसे तनाव बढ़ता जाता है. ट्रेलर एक डरावने मोड़ पर खत्म होता है, जिसमें बेहोश और घायल किरण की झलक देखने को मिलती है.तू है मेरी किरण का निर्देशन करण रावल ने किया है. इसे विशाल राणा और एशेलॉन प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है. इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल अहम भूमिका में है. तू है मेरी किरण 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी .
