धमतरी में खाट पर सो रहे बुजुर्ग की झुलसने से मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नवागांव कचना में खाट पर सो रहे एक बुजुर्ग की आग में झुलसने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बिरेझर चौकी क्षेत्र के नवागांव कचना निवासी नोहर यादव गुरुवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह अपनी खाट पर सो गए थे। देर रात अचानक उनकी खाट में आग लग गई। आग की चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई, जब बिजली बंद होने के बाद उन्होंने देखा कि बुजुर्ग आग की चपेट में हैं। परिवार के लोगों ने तत्काल आग बुझाई और करीब 60 प्रतिशत झुलसी अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। घटना की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।