रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली टी-20 सीरीज को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दोनों टीमों के बीच 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील बैठक कर चुके हैं। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए हैं। मैचों के सुचारु आयोजन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में स्थानीय सहायता समिति भी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
दर्शकों के प्रवेश को आसान बनाने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि ई-टिकट की स्कैनिंग में परेशानी न हो। टिकट ऑनलाइन जारी किए जाएंगे और उन पर स्टेडियम का पूरा नाम स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा। स्टेडियम और पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकटधारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। खाद्य सामग्री और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के स्तर पर समन्वित व्यवस्था की जाएगी।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग बिजली आपूर्ति की व्यवस्था संभालेंगे, जबकि स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग कर स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात करेगा। आपात उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है। बीएसएनएल को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गृह एवं अग्निशमन विभाग आग से बचाव, पर्याप्त पानी और आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाले रास्तों की व्यवस्था करेगा।
