आदित्य वर्मा ने 76 रनों की शानदार पारी खेली
रायपुर। बीसीसीआई द्वारा आयोजित मेंस अंडर-19 विनू मांकड़ वन डे ट्रॉफी 2026-27 में छत्तीसगढ़ की टीम ने विजयी आगाज किया है। गुरुवार को पुडुचेरी में खेले गए पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ अंडर-19 ने हरियाणा अंडर-19 को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। आदित्य वर्मा ने 76 रनों की शानदार पारी खेली। हरियाणा अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन पूरी टीम 42.4 ओवर में 177 रन पर सिमट गई। हरियाणा की ओर से गोरीश दहिया ने 51 रन और संदीप परिहार ने 45 रन बनाए, निधीश गौर ने 26 रनों का योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ की घातक गेंदबाजी के आगे हरियाणा के बल्लेबाज नहीं टिक सके। छत्तीसगढ़ की ओर से अगमजोत सग्गर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, धनंजय नायक ने 3 और शिवम यादव ने 2 विकेट लिए।
विश्वकप टीम में लौट सकते हैं भुवनेश्वर, न्यूजीलैंड दौरे पर प्रदर्शन पर नजर
178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने 42.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनरों ने 30 रनों की साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत दिलाई। मध्य क्रम में आदित्य वर्मा ने 76 रनों की शानदार पारी खेली, तेजस्वी कलभोर ने 39 रन और कप्तान फैज खान ने 19 नाबाद रनों का योगदान दिया। हरियाणा की ओर से सिद्धार्थ, आरव और मोहित को 1-1 विकेट मिला। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ अंडर-19 ने टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की है।
