अगर शाम के नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट और चटपटा बनाने का मन है, तो घर पर स्पाइसी पनीर बर्गर ट्राई कर सकते हैं। पनीर, ताजी सब्जियों और स्पाइसी टोमैटो सॉस से तैयार यह बर्गर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है। खास बात यह है कि इसे घर में मौजूद सामान्य सामग्री से आसानी से बनाया जा सकता है।
पनीर बर्गर के लिए सामग्री
इस बर्गर को बनाने के लिए 200 से 250 ग्राम पनीर, 4 बर्गर बन, एक प्याज, एक टमाटर, एक छोटी शिमला मिर्च, कुछ सलाद के पत्ते, एक चम्मच मक्खन और थोड़ा तेल लें। पनीर को मोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें। इसे मसालेदार बनाने के लिए आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, थोड़ा गरम मसाला, आधा चम्मच चाट मसाला, काली मिर्च, नमक और एक चम्मच नींबू का रस लें।
ऐसे बनाएं स्पाइसी टोमैटो सॉस
सबसे पहले टमाटर को छोटे टुकड़ों में काट लें। पैन में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें बारीक कटा लहसुन हल्का भूनें। इसके बाद हरी मिर्च और टमाटर डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। टमाटर नरम होने पर इसमें लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च, नमक और थोड़ी चीनी डालें। कुछ मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में हल्का पीस लें। अब इसमें टोमैटो केचप मिला दें। इस तरह आपकी स्पाइसी टोमैटो सॉस तैयार हो जाएगी। इसे ज्यादा क्रीमी बनाने के लिए इसमें थोड़ी मेयोनीज भी मिलाई जा सकती है।
मसालेदार पनीर तैयार करने का तरीका
एक बाउल में पनीर के टुकड़े लें और उसमें लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, गरम मसाला, काली मिर्च, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। पनीर को 10 से 15 मिनट के लिए मैरिनेट होने दें। इसके बाद पैन में थोड़ा तेल या मक्खन गर्म करके पनीर को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेंक लें। साथ में प्याज और शिमला मिर्च को भी हल्का भून सकते हैं।
ऐसे तैयार करें पनीर बर्गर
बर्गर बन को बीच से काटकर दोनों हिस्सों पर थोड़ा मक्खन लगाएं और तवे पर हल्का सेंक लें। अब नीचे वाले बन पर स्पाइसी टोमैटो सॉस लगाएं। इसके ऊपर सलाद का पत्ता, प्याज और टमाटर के स्लाइस रखें। फिर मसालेदार पनीर और भुनी हुई शिमला मिर्च डालें। ऊपर से दोबारा थोड़ी सॉस लगाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए मेयोनीज या चीज स्लाइस भी डाली जा सकती है। आखिर में दूसरे बन से बर्गर को कवर कर दें।
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
बर्गर को ज्यादा चटपटा बनाने के लिए पनीर के मसाले में थोड़ी कसूरी मेथी या चिली फ्लेक्स मिला सकते हैं। बच्चों के लिए बर्गर बना रहे हैं तो लाल मिर्च और हरी मिर्च की मात्रा कम रखें। वहीं मैदा वाले बन की जगह मल्टीग्रेन या होल व्हीट बन का इस्तेमाल करके इसे अपनी पसंद के अनुसार बनाया जा सकता है।इस स्पाइसी पनीर बर्गर को फ्रेंच फ्राइज या आलू वेजेज के साथ सर्व कर सकते हैं। घर पर बना यह बर्गर स्वादिष्ट होने के साथ अपनी पसंद के अनुसार आसानी से कस्टमाइज भी किया जा सकता है।
