नई दिल्ली। गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी समाधि पर आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर गांधीजी से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए कहा कि बापू के विचार समाज को बेहतर बनाने और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा के संदेश को भी याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने विजय घाट पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने शास्त्री जी की सादगी और देश के प्रति समर्पण को याद किया। 2 अक्टूबर को दोनों महान नेताओं की जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
